नहीं
मै नही दिखाना चाहती अपने घाव हरे भरे
तुम्हारी सहानुभूति नही चाहिए मुझेमै नही दिखाना चाहती अपने घाव हरे भरे
मैं जानती हूँ तुम मुझे मलहम लगाने के बहाने आओगे
और
उत्खनन करोगे मेरे आत्मसम्मान की रक्त्कोशिकाओ का
मै तो बजना चाहती हूँ बांसुरी सी
कींचल के पेड़ की तरह जो अपने ही सूराखो से बज उठता है हवा के गुजरने पर
अपने ही ज़ख्मो से छेड़ देता है एक धुन मीठी दर्द भरी. पेपरवेट में बंद हवा जैसे सपने कैद हैं मेरी स्मृति में
जिन्हें मुक्त नही किया जा सकता मुझे तोड़े बिना
कई बार ऐसे अपरिचित बादल बरस जाते हैं जो मेरे आकाश के नही थे
उन्हें भटका के ले आया था मेरा ही संकल्प
उनकी बारिश में खुशबु पा लेती हूँ तुम्हारे नाम कीतुम नही समझते जब तुम्हारा नाम किसी और के मुहं से सुन लेती हूँ
तो ये किसी प्रगाढ़ मिलन से कम नही होता
और जख्मो का जिंदा रहना तब और भी ज़रूरी हो जाता है
जो हर दम मुझे अहसास करते हैं
मरी नहीं हूँ मैं
मरे नहीं हो तुम
जिंदा हैं दोनों इस दुनिया के किन्ही अलग अलग कोनो में
अपने अपने झरनों के समीप
मुस्कुराते हुए बह रहे हैं सागर में शेष हो जाने के लिए..
-लीना मल्होत्रा